
पति ने की पत्नी हत्या…..आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार….शहर में एक ही दिन में दो हत्या की वारदात…..
बिलासपुर– छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सोमवार को हत्या की दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर में सनसनी फैला दी है। सुबह सुबह हत्या की सूचना और उसका शोर भी थम नहीं पाया था कि दोपहर को एक हत्या की खबर सामने आ गई।जहां पर पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।आपको बताते चले कि एक ओर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा में दो सगे भाइयों ने एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी, वहीं दूसरी ओर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक वृद्ध ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। लगातार हुई इन दो घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है।
ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित दीनदयाल आवास कॉलोनी, मॉडर्न स्कूल के पास का है। जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय पंचू सोनवानी ने अपनी पत्नी सुमित्रा सोनवानी की कथित रूप से चरित्र संदेह के चलते धारदार हथियार से गले पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद और चरित्र संदेह बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति पंचू सोनवानी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।इससे पहले सुबह सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा में दो सगे भाइयों द्वारा एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में भी पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।जबकि दूसरे की तलाश जारी है।एक ही दिन में हुई दो जघन्य हत्याओं ने न्यायधानी बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



