सहकारी सप्ताह 29 जून से 6 जुलाई तक….. सदस्यता अभियान…. संगोष्ठी…. ड्रोन तकनीक और वृक्षारोपण सहित होंगे विविध आयोजन…..

बिलासपुर-जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर द्वारा 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक सहकारी सप्ताह समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह के दौरान सहकारिता के विस्तार, सदस्यता अभियान, तकनीकी नवाचार और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, उपाध्यक्ष रजनी साहू तथा यज्ञदत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता समाज के सबसे बड़े और व्यापक क्षेत्रों में से एक है तथा इसका उद्देश्य किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों में केंद्र सरकार की सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी उपलब्धियों एवं योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ा जा सके।
समारोह के दौरान सहकारिता विषय पर संगोष्ठियों, विचार-विमर्श और विभिन्न बैठकों का आयोजन होगा। आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ड्रोन तकनीक के माध्यम से सिंचाई एवं कृषि कार्यों पर विशेष चर्चा और प्रदर्शन भी प्रस्तावित है।
इसके अलावा वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, सहकारिता की मासिक पत्रिका के प्रचार-प्रसार सहित कई जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोहों का भी आयोजन होगा।
आयोजकों ने बताया कि रायपुर में सहकारी सप्ताह के दौरान एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 300 प्रतिभागी शामिल होंगे। वहीं विभिन्न जिलों में भी सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी विश्व की सबसे बड़ी योजनाओं में से एक महत्वपूर्ण परियोजना के तहत भूमिपूजन का कार्यक्रम भी इस पखवाड़े के दौरान प्रस्तावित है, जिसकी विस्तृत जानकारी शीघ्र साझा की जाएगी।
सहकारी सप्ताह का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, नई तकनीकों को बढ़ावा देना तथा अधिक से अधिक लोगों को सहकारी व्यवस्था से जोड़कर ग्रामीण एवं कृषि अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।

Related Articles

Back to top button