देर रात बारों पर पुलिस का छापा, नियम तोड़ने पर दो मैनेजरों पर कार्रवाई…..

कोरबा- जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पाम मॉल स्थित वन नाइट क्लब (ONC) और सेंट्रल प्वाइंट स्थित एक बार में आकस्मिक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में निर्धारित समय के बाद भी शराब परोसे जाने और आबकारी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों बार के मैनेजरों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि दोनों बार देर रात तक नियमों के विपरीत शराब परोस रहे हैं और पार्टियां आयोजित की जा रही हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में पाम मॉल स्थित वन नाइट क्लब से शराब पीकर निकले एक युवक ने अपनी स्कॉर्पियो को मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button