
नागरिकों की शिकायत और जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करें- निगम कमिश्नर…..शहर की मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से करें…..निगम कमिश्नर ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश…..
बिलासपुर–नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने मंगलवार को दृष्टि सभा कक्ष में निगम के सभी विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शहर में संचालित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों से जुड़े प्रत्येक कार्य का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने सबसे पहले सीएम हेल्पलाइन के लेवल-2, लेवल-3 एवं लेवल-4 के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विभागवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा केवल प्रकरण बंद करने के बजाय नागरिकों की वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।बैठक में आगामी 7 अगस्त को मोहल्ला समिति के सदस्यों को पहचान पत्र वितरित किए जाने की तैयारियों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी समितियों के सदस्यों के आई-कार्ड समय पर तैयार किए जाएं तथा प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से मोहल्ला समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही शहर का सुनियोजित विकास संभव है।

वर्षा ऋतु के मद्देनजर आयुक्त ने शहर में शुद्ध पेयजल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था, नाला-नालियों की सफाई तथा जलभराव की संभावित स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव अथवा पेयजल संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और नागरिकों को राहत पहुंचाई जाए।संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर आयुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव एवं नियमित सफाई कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
बैठक में माननीय विधायकगण द्वारा समय-समय पर दिए गए पत्रों पर की गई कार्रवाई, सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण तथा कलेक्टर टीएल, पीजीएन एवं पीएमओ से प्राप्त लंबित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा के भीतर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।समीक्षा बैठक में आगामी डिप्टी सीएम के द्वारा ली जाने वाली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की तैयारियों की भी विभागवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग की अद्यतन जानकारी, उपलब्धियां एवं प्रगति प्रतिवेदन पूरी तैयारी के साथ प्रस्तुत करें।
बैठक में निगम के समस्त विभाग प्रमुख, सभी जोन कमिश्नर, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक एवं पीआईयू के अधिकारी उपस्थित रहे।




