लिफ्ट के बहाने युवक से मारपीट और लूट को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार…..सरकंडा पुलिस ने की कार्रवाई…..

बिलासपुर–सरकंडा थाना क्षेत्र में लिफ्ट लेने के बहाने एक युवक से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जुलाई 2026 कको मुंगेलीनाका, बिलासपुर निवासी 18 वर्षीय सूरज कुमार श्याम अपने साथी योगेश कुमार की होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CU 2410 से कॉलेज का पता करने जा रहा था। इसी दौरान अशोक नगर चौक, डीएलएस कॉलेज रोड के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी। युवक द्वारा लिफ्ट देने के बाद आरोपी उस पर आगे जाने के लिए दबाव बनाने लगा। युवक ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद मुरूम खदान के पास आरोपी ने अपने साथी चेतन पाल को भी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। दोनों आरोपियों ने मुरूम खदान शिव मंदिर के पास युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की तथा पत्थर से भी हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आरोपियों ने युवक के पास मौजूद रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, बोट कंपनी के एयरबड्स और 200 रुपये नकद समेत मोटरसाइकिल भी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1100/2026 दर्ज कर बीएनएस की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 309(2) और 3(5) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित ठिकाने पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और एयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए हैं। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी—
प्रिंस राज उर्फ जानू, पिता स्व. प्रमोद ठाकुर, उम्र 29 वर्ष, निवासी तिफरा यदुनंदन नगर, सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
चेतन पाल, पिता ओमकार पाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास, सरकंडा, बिलासपुर।

Related Articles

Back to top button