नगर निगम में हर घर तिरंगा अभियान की धूम, तिरंगा यात्रा से गूंजा शहर….. स्वसहायता समूह की महिलाओं और स्वच्छता दीदियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर निगम….

बिलासपुर– हर घर तिरंगा अभियान के तहत बिलासपुर नगर निगम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्सव मनाया जा रहा है। 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे इस अभियान के तहत नगर निगम द्वारा चरणबद्ध रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर निगम के सभी आठ जोन क्षेत्रों में स्वसहायता समूह की महिलाओं एवं स्वच्छता दीदियों द्वारा अलग-अलग मार्गों और स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई।

तिरंगा हाथों में लेकर निकली महिलाओं और स्वच्छता दीदियों ने लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय उत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम प्रशासन द्वारा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत निगम के मुख्यालय विकास भवन सहित सभी आठ जोन कार्यालयों में सेल्फी स्टैंड एवं कैनवास लगाए गए हैं। इन सेल्फी स्टैंड पर अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज करा रहे हैं।वहीं, लगाए गए कैनवास पर नागरिकों द्वारा हस्ताक्षर कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं हर घर तिरंगा अभियान के समर्थन का संदेश दिया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
नगर निगम द्वारा 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति की भावना और राष्ट्रीय पर्व में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भी इस अभियान से जुड़ें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर आजादी के उत्सव को और भव्य बनाएं।

विकास भवन सहित सभी आठ जोन कार्यालयों में लगाए गए सेल्फी स्टैंड और कैनवास….

हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम के मुख्यालय विकास भवन सहित सभी आठों जोन कार्यालयों में विशेष सेल्फी स्टैंड एवं कैनवास लगाए गए हैं। इन सेल्फी स्टैंड पर अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज करा रहे हैं।इसके साथ ही कैनवास पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। नागरिक अपने हस्ताक्षर के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं। निगम कार्यालयों में पहुंचने वाले नागरिकों में भी इन गतिविधियों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button