
हत्या के प्रयास का फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार….
बिलासपुर-थाना कोनी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शिवा सिंह ठाकुर (33 वर्ष), निवासी ग्राम पौंसरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमाण्ड के लिए प्रस्तुत किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को करीब दोपहर 3 बजे आरोपी शिवा ठाकुर और अर्जुन ठाकुर ने दीपक भार्गव के साथ गाली-गलौज करते हुए बीयर की बोतल और हाथ-मुक्के से मारपीट कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई थी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
मामले में थाना कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 मई 2026 को आदतन गुंडा-बदमाश अर्जुन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं दूसरा आरोपी शिवा ठाकुर घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को आरोपी के ग्राम पौंसरा स्थित घर पर मौजूद होने की सूचना मिली।
12 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और फरार आरोपी शिवा सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष रिमाण्ड हेतु प्रस्तुत किया।
यह कार्रवाई थाना कोनी के अपराध क्रमांक 205/2026, धारा 109, 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत की गई है।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर. रजनेश सिंह के निर्देश पर गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।



