नागपंचमी और सावन सोमवार के दुर्लभ संयोग पर श्री माधव प्रेरणा केंद्र में भव्य पूजा-अर्चना और जलधाभिषेक…..

बिलासपुर–मनोहर टॉकीज स्थित कालकर कुंज संघ कार्यालय ‘श्री माधव प्रेरणा केंद्र’ हनुमान मंदिर परिसर में नागपंचमी एवं श्रावण मास के सोमवार के शुभ संयोग पर विशेष पूजा-अर्चना व विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया।
श्रद्धा, आस्था और प्रकृति-पर्यावरण संरक्षण के इस पावन पर्व पर जूना बिलासपुर बस्ती के नागरिकों, स्थानीय मंदिरों के श्रद्धालुओं, संघ की प्रभात व सायं शाखाओं के स्वयंसेवकों (सपरिवार) तथा सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों एवं आचार्य परिवार ने बड़ी संख्या में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां….शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा एवं रुद्राभिषेक…..
कार्यक्रम का शुभारंभ पुजारी रुद्र सिंह द्वारा कार्यालय परिसर में नवनिर्मित शिवलिंग की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा, पूजन एवं भव्य रुद्राभिषेक से हुआ।
कांवड़ यात्रा एवं भजन-कीर्तन……
सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों और आचार्य परिवार ने जूना बिलासपुर के श्रद्धालुओं के साथ मिलकर अरपा नदी से पवित्र जल लाकर कांवड़ यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव और श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रहा।
हनुमान चालीसा पाठ एवं साहित्य वितरण……
रुद्राभिषेक एवं कांवड़ यात्रा के पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ और भजन-कीर्तन किया गया। इसके उपरांत उपस्थित सभी बच्चों को हनुमान चालीसा की प्रतियां एवं आचार्यों को ‘साधक संजीवनी’ पुस्तक भेंट की गई। अंत में सभी भक्तों को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर जीर्णोद्धार एवं सेवा भावना……
सायं शाखा के स्वयंसेवक, जो नित्य शाखा के बाद हनुमान मंदिर व तुलसी चौरा में दीपक जलाने का सेवा कार्य उत्साहपूर्वक करते हैं, इस आयोजन में भी पूरी तत्परता से जुटे रहे।
इस अवसर पर मंदिर जीर्णोद्धार एवं शिवलिंग की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाने वाले ठाकुर मनोरंजन सिंह और डॉ. अवनीश त्रिपाठी के मित्र परिवार के योगदान की सराहना की गई।
“हनुमान जी की प्रेरणा से ठाकुर मनोरंजन सिंह जी ने मंदिर जीर्णोद्धार का यह पावन कार्य समय पर संपन्न कराया।”
महावीर सिंह ठाकुर (कार्यालय प्रमुख)
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री माधव प्रेरणा केंद्र के अध्यक्ष, सचिव एवं कालकर कुंज कार्यालय परिवार की ओर से सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की गईं।

Related Articles

Back to top button