
शांति, सद्भाव और भाईचारे के लिए एकजुट हुआ बिलासपुर…. कलेक्टर-एसएसपी के नेतृत्व में निकला शांति मार्च….सभी वर्गाें ने दिखाई सहभागिता…..
बिलासपुर–शहर में गुरुवार को शांति और सद्भाव का संदेश देने के लिए शांति मार्च निकाला गया। जिसमें विभिन्न समाज, समुदाय, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को एकजुटता का संदेश दिया।
शांति मार्च नेहरू चौक से शुरू होकर सदर बाजार, गोल बाजार, जूना बिलासपुर होते हुए गांधी चौक में समाप्त हुआ। बता दें, कि बीते शुक्रवार को हुए बवाल के बाद शहर के संबंधित क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। ऐसे में शांति मार्च को क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने और आपसी सौहार्द का संदेश देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि शांति मार्च शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद प्रशासन द्वारा धारा 163 हटाने पर विचार किया जा सकता है। मार्च के दौरान सभी ने शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।इस दौरान शामिल लोगों ने आपसी एकता बनाए रखने और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को मजबूत करने का संदेश दिया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना विश्वास नहीं करने और न ही उसे आगे प्रसारित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में शांति एवं सामान्य स्थिति बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों व मीडिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। आपसी सहयोग और जिम्मेदारी से ही शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है। विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों के लोगों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता एवं आपसी भाईचारे से है। उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था। समिति के सदस्यों ने शहर की शांति व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी। शांति मार्च में सभी वर्गों की सहभागिता ने बिलासपुर की सामाजिक एकता और शांतिप्रिय परंपरा को प्रदर्शित किया। नागरिकों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ शहर में शांति एवं सद्भाव को निरंतर मजबूत बनाया जाएगा।
गार्गी फाउंडेशन के द्वारा स्वागत……
शांति और सद्भाव का संदेश देने वाले इस शांति मार्च में शामिल हुए सभी लोगों का गार्गी फाउंडेशन की बिंदु सिंह कच्छवाहा के नेतृत्व में सचिव रवि साहू और राजेन्द्र गुप्ता सोनिया साहू सहित बड़ी संख्या में गार्गी फाउंडेशन की पूरी टीम थाना सिटी कोतवाली के सामने पुष्प वर्षा करते रैली शामिल सभी लोगों पानी और झाल मुड़ी मिक्चर देकर भव्य स्वागत किया गया था।



