
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर निगम की सख्ती….. ठेकेदार सहित कर्मचारियों पर कार्रवाई……ठेकेदार पर 10 हजार का जुर्माना,स्वच्छता निरीक्षक समेत सुपरवाइजर के वेतन कटौती के निर्देश….. धानमंडी रोड में सड़क पर निर्माण सामग्री जब्त,8 हजार का जुर्माना…..कमिश्नर के निर्देश पर अपर आयुक्त ने किया शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण…..
बिलासपुर–नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं जोन में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य में लापरवाही, निर्धारित संख्या से कम श्रमिकों की उपस्थिति तथा कार्यस्थल पर गंदगी पाए जाने पर निगम द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान जोन क्रमांक 08 में निर्धारित संख्या से कम सफाई श्रमिक पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार संदीप राय पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए जाने पर वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक पंकज ताँती तथा जोन क्रमांक 05 के वार्ड क्रमांक 34 के सुपरवाइजर दिनेश मंगरू का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार जोन क्रमांक 06 के वार्ड क्रमांक 38 में ड्यूटी पर होने के बावजूद वार्ड में गंदगी एवं कचरा फैला पाए जाने पर सुपरवाइजर राकेश समुद्र एवं राकेश राही का भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश अपर आयुक्त द्वारा दिए गए।
सड़क पर निर्माण सामग्री रखने पर कार्रवाई, 6 ट्रैक्टर सामग्री जब्त….
निरीक्षण के दौरान धानमंडी रोड पर सड़क पर रेती एवं गिट्टी रखकर आवागमन बाधित करने की स्थिति पाए जाने पर निगम की टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर रेती एवं 2 ट्रैक्टर गिट्टी जब्त की। मामले में संबंधित लोचन चंद्रा पर 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं कोनी क्षेत्र में सड़क पर कचरा फैलाने पर दुकानदार अनीश गुप्ता के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई श्रमिकों की उपस्थिति, नियमित सफाई, कचरा उठाव तथा सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना है तथा कार्य में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों, सड़कों एवं नालियों में कचरा अथवा निर्माण सामग्री न डालें और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।




