50 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या… आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में….मिंड्रा गांव में देर रात हुई वारदात…

बिलासपुर-छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मेड्रा में देर रात पचास वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।मामले में पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया है।आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मेड्रा में देर रात अज्ञात कारणों से राजकुमारी यादव पर चाकू से हमला किए जाने की घटना हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस…..
घटना की जानकारी मिलते ही सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने की कार्रवाई शुरू की गई।

हिरासत में संदिग्ध आरोपी, पूछताछ जारी….
पुलिस ने मामले में संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया है। महिला की हत्या के संबंध में पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों, साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



