
सकरी में पर्व के दिन धारदार हथियार से युवक की नृशंस हत्या…..कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल…. पुलिस की सुस्ती से अपराधियों के हौसले बुलंद….सकरी क्षेत्र में फिर खूनी वारदात….पर्व के बीच युवक के सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार….. सिम्स पहुंचते ही मौत…..
बिलासपुर–त्यौहार की खुशियों और चहल-पहल के बीच न्यायधानी का सकरी क्षेत्र एक बार फिर खूनी वारदात से थर्रा उठा है। सकरी थाना इलाके में एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसके सीने में चाकू घोंप दिया। लूलुहान हालत में युवक को तत्काल गंभीर अवस्था में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पर्व के ही दिन हुई इस नृशंस हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है।

वहीं क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े हो रहे हैं।त्यौहारों में भी बेखौफ घूम रहे चाकूबाज, पुलिस के दावों की पोल खुलकर सामने आ रही है।मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के बगल में अमन सूर्यवंशी 23 वर्ष पिता प्रहलाद सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी 22 वर्ष पिता अंशु सूर्यवंशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार तीन-चार वार कर दिए।

अचानक हुए चाकू के हमले से आकाश लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात से आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स भेजा गया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की पूछताछ के बाद ही सामने आएगी। सकरी क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं के बीच हत्या की इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



