कविता यादव निर्विरोध चुनी गईं छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की प्रांत अध्यक्ष…… सात अभ्यर्थियों ने दाखिल किया था नामांकन, एक फॉर्म निरस्त और पांच प्रत्याशियों के समर्थन के बाद निर्विरोध निर्वाचन…..

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के प्रांत अध्यक्ष पद का निर्वाचन आज शनिवार को संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया में कुल सात अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान एक नामांकन निरस्त हुआ, जबकि शेष छह अभ्यर्थियों में से पांच ने अपना नाम वापस लेते हुए कविता यादव के समर्थन की घोषणा की। इसके बाद प्रांत अध्यक्ष पद पर एकमात्र अभ्यर्थी रहने के कारण कविता यादव को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में बताया गया कि यदि एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते तो मतदान कराया जाता, लेकिन एकमात्र प्रत्याशी रहने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
प्रदेशभर के आजीवन सदस्यों को मताधिकार
निर्वाचन प्रक्रिया में प्रदेशभर के आजीवन सदस्यों को मताधिकार प्राप्त है। संघ के अनुसार लगभग 5 हजार सक्रिय आजीवन सदस्य मतदाता के रूप में पात्र हैं। मतदाता सूची प्रदेश के विभिन्न जिलों से तैयार की गई थी।
बताया गया कि 2 अगस्त को बृहस्पति बाजार में आयोजित प्रांतीय महासमिति की बैठक में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने का प्रयास किया गया था, लेकिन सहमति नहीं बन पाने के बाद 20 सितंबर को निर्वाचन कराने की घोषणा की गई थी। इसके बाद 5 सितंबर को निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की गई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन, जांच तथा नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई।
केवल प्रांत अध्यक्ष का हुआ निर्वाचन
इस निर्वाचन में केवल प्रांत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया। निर्वाचित प्रांत अध्यक्ष कविता यादव द्वारा आगे महासमिति की बैठक बुलाकर संगठन की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों और जिलों से पदाधिकारियों का चयन किया जाना है।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार प्रांत अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा और इसके बाद पुनः निर्वाचन की प्रक्रिया होगी।
संगठन की एकजुटता पर जोर…..
निर्वाचन के बाद कविता यादव ने प्रदेशभर से आए सदस्यों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें संगठन का नेतृत्व सौंपना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनों के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हक-अधिकार तथा विभिन्न मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए संगठन पूरी मजबूती और ईमानदारी से कार्य करेंगी।
इस अवसर पर श्रीकांत मिश्रा, सुनील यादव, चंद्रशेखर पाण्डे, कविता यादव, रागिनी वाल्टर सहित संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button