
देवरहा तालाब के पास गिरी आकाशीय बिजली……17 बकरा-बकरियों की मौके पर ही मौत…..किसानों ने की मुआवजे की मांग……
बिलासपुर–जनपद पंचायत कोटा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत करगीकला में रविवार दोपहर कुदरत का कहर देखने को मिला। दोपहर करीब 3 बजे अचानक बदले मौसम के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 17 बकरा-बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से गांव के दो किसानों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

चराने गए थे मवेशी, तभी हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करगीकला निवासी किसान शोभाराम यादव और राजेश साहू रोज की तरह अपनी बकरा-बकरियों को देवरहा तालाब के पीछे खेतों की ओर चराने ले गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी स्थान पर आ गिरी जहाँ मवेशी मौजूद थे।
शोभाराम की 8 और राजेश की 9 बकरियों ने तोड़ा दम
गाज की चपेट में आते ही 17 बकरा-बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में किसान शोभाराम यादव की 8 तथा राजेश साहू की 9 बकरा-बकरियों की मौत हुई है। आजीविका का मुख्य साधन छिन जाने से दोनों पीड़ित परिवार गहरे सदमे में हैं।
प्रशासन से मुआवजे की गुहार
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और पशुपालकों ने इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और राजस्व विभाग को दी। आर्थिक रूप से टूट चुके पीड़ित किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द घटना स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का सही आकलन किया जाए और नियमानुसार त्वरित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए।



