
चरित्र शंका में पत्नी से विवाद के बाद पति ने फांसी लगाकर की खुदकुशी….मोपका पुलिस जुटी जांच में…..
बिलासपुर-सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोपका पुलिस चौकी इलाके में पारिवारिक कलह और चरित्र शंका के चलते 55 वर्षीय अधेड़ द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर मोपका पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासा डेयरी के पास कुटीपारा, मोपका निवासी कमल निषाद (उम्र 55 वर्ष) का रात करीब 9:00 बजे अपनी पत्नी सविता निषाद से मोहल्ले की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध होने की शंका को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर शराब के नशे में धुत कमल निषाद अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए पास के गणेश पंडाल तक ले आया।
मृतक के 17 वर्षीय पुत्र मनोज निषाद ने बीच-बचाव कर अपने पिता को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में धुत कमल हाथ में डंडा लेकर हंगामा करता रहा। इसके बाद बेटे ने रात करीब 11:30 बजे अपनी मां को सुरक्षा के लिहाज से पड़ोसी के घर सोने भेज दिया और अपनी बहन गौरी को पिता पर नजर रखने को कहकर खुद गणेश पंडाल में सोने चला गया।
मृतक की पुत्री गौरी रात करीब 2:00 बजे तक अपने पिता पर नजर रखे हुए थी, जिसके बाद वह भी सोने चली गई। सुबह करीब 5:30 बजे पड़ोसी कमलेश ने परिजनों को सूचना दी कि कमल निषाद का शव पड़ोस की कलेश्वरी वर्मा के घर के पीछे बल्ली में नायलॉन की रस्सी से बने फंदे पर लटक रहा है। परिजनों और मोहल्लेवासियों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो कमल निषाद की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर मोपका चौकी पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस (BNSS) के तहत मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर लिया है। पुलिस पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मामले की आगे की वैधानिक विवेचना कर रही है।




