
लगातार तीसरे सप्ताह गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने चलाया अरपा नदी स्वच्छता अभियान…..
बिलासपुर–अरपा नदी की स्वच्छता, संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से अरपा मैया भक्तजन के तत्वावधान में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों द्वारा लगातार तीसरे सप्ताह स्वच्छता अभियान चलाया गया। शनिवार को प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक, पचरी घाट, किला वार्ड स्थित हैप्पी स्ट्रीट के समीप आयोजित इस अभियान में स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा वहाँ एकत्रित कचरे को हटाया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य अरपा नदी के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना और नदी के संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने कहा कि अरपा नदी बिलासपुर की प्राकृतिक धरोहर, जनआस्था एवं सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है। इसकी स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

अभियान के दौरान नगरवासियों से अपील की गई कि वे नदी एवं उसके आसपास कचरा न डालें, स्वच्छता बनाए रखें तथा अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। नदी की स्वच्छता केवल प्रशासन का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिकों के सहयोग और निरंतर प्रयासों से ही अरपा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।
“मेरा शहर, मेरा दायित्व” के संकल्प के साथ स्वयंसेवकों द्वारा प्रत्येक शनिवार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को श्रमदान, जनसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।इस अभियान में सुरज साहू, नवीन राव, अमन नामदेव, आदर्श चतुर्वेदी, हैदर, सुरज पाठक, मुस्कान कुमारी, पुष्पांजलि जांगड़े एवं साक्षी केवट सहित लगभग 40–50 स्वयंसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान के माध्यम से अरपा नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान दिया।अरपा मैया भक्तजन ने समस्त नगरवासियों से इस जनहितकारी पहल में सहभागी बनने तथा अरपा नदी के संरक्षण को एक सामूहिक जनअभियान बनाने की अपील की।



