शिक्षक अमित कुमार नामदेव की तत्परता और जागरूकता से अचेत हुए परीक्षार्थी की बची जान…..

बिलासपुर–रविवार 4 अक्टूबर को प्रदेश भर में छत्तीसगढ़ कर्मचारी मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा का आयोजन किया गया।बिलासपुर शहर के परीक्षा केंद्र क्रमांक 13007 स्वामी आत्मानंद शासकीय बालक उच्यतर माध्यमिक विद्यालय सरकंडा बिलासपुर में परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी को अचानक अचेत हो कर गिर गया। मेडिकल इमरजेंसी की इस स्थिति में विद्यालय के शिक्षक अमित कुमार नामदेव की तत्परता, धैर्यता,सूझबूझ और जागरूकता के चलते उसकी जान बचाई जा सकी। शिक्षक द्वारा बिना समय गंवाए स्थिति को पहचानते हुए तत्काल आवश्यक प्राथमिक सहायता प्रदान की गई।उन्होंने आपातकालीन नंबर 112 में फोन किया तथा परीक्षार्थी को शीघ्र ही चिकित्सकीय उपचार के लिए सिम्स पहुंचाया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा के तुरंत बाद परीक्षार्थी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए शिक्षक अमित कुमार नामदेव ने तत्काल सक्रियता दिखाई। उन्होंने मौके पर मौजूद अन्य लोगों की सहायता से आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा एवं जीवनरक्षक प्रयास शुरू किए तथा एम्बुलेंस/चिकित्सकीय सहायता के लिए तत्काल संपर्क किया।
समय पर किए गए इन प्रयासों से परीक्षार्थी को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी और उसकी स्थिति में सुधार हुआ। चिकित्सकों ने भी समय पर सहायता मिलने को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि आपातकालीन परिस्थितियों में जागरूकता, त्वरित निर्णय और प्राथमिक जीवनरक्षक उपाय किसी व्यक्ति के लिए जीवनदायी साबित हो सकते हैं। शिक्षक अमित कुमार नामदेव की इस तत्परता की विद्यालय परिवार, परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों ने सराहना की है।
विद्यालय प्राचार्य पी.मंडल ने कहा कि शिक्षकों को केवल शैक्षणिक दायित्वों तक सीमित न रहकर आपातकालीन परिस्थितियों में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहना चाहिए। इस घटना से अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों में भी प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता सामने आई है।

Related Articles

Back to top button