पीएम आवासः निर्माणाधीन आवास को 15 दिसंबर तक पूर्ण और अप्रारंभ कार्य को 30 नवंबर तक करना होगा शुरू….. निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पीएम आवास शाखा की बैठक में दिए निर्देश….बैठक में अनुपस्थित इंजीनियर और सीएलटीसी को नोटिस….

बिलासपुर- प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक के तहत रूफ टाॅप तक निर्मित आवास को किसी भी सूरत में 15 दिसंबर तक पूरा करने और स्वीकृति के बाद भी अब तक अप्रारंभ कार्य को 30 नवंबर तक प्रारंभ कराने के निर्देश नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने दिए है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सोमवार को पीएम आवास शाखा की बैठक लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को बीएलसी घटक के कार्यों को पूर्ण करने को लेकर सख्त निर्देश दिए है।
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने विकास भवन में पीएम आवास योजना के बीएलसी घटक की बैठक में हितग्राहियों से समन्वय बनाकर कार्य को शीघ्र पूरा कराने को कहा है। जिन हितग्राहियों के आवास रूफ टाॅप लेवल तक बन चुका है ऐसे सभी आवासों को 15 दिसंबर तक पूरा करने और जिन आवासों का निर्माण अब तक अप्रारंभ है उन्हें 30 नवंबर तक शुरू कराने के निर्देश दिए है,इसके लिए हितग्राहियों से मिलकर लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए है। विदित है कि कई ऐसे हितग्राही है जिनके आवास इस योजना के तहत स्वीकृत हो चुके है और उन्हें प्रथम किस्त भी प्राप्त हो चुका है उसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं किया गया है,ऐसे सभी आवासों को 30 नवंबर तक शुरू कराने के लिए प्रेरित करने के साथ ही सभी आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। विदित है कि निगम कमिश्नर ने ऐसे हितग्राहियों से सितंबर माह में व्यक्तिगत तौर पर मिलकर भी संवाद किया था।
बैठक में अनुपस्थित 2 इंजीनियर और 3 सीएलटीसी को नोटिस….
सोमवार को बुलाई गई बैठक में पीएम आवास शाखा के दो इंजीनियर और तीन सीएलटीसी गायब थे,जिसे गंभीरता से लेते हुए निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अनुपस्थित इंजीनियर और सीएलटीसी को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। अनुपस्थित इंजीनियरों में एई अनिल वासू,सब इंजीनियर प्रिया सिंह,सीएलटीसी मयंक वर्मा, कुलदीप जायसवाल और रविंद्र सुनहरे शामिल है। सीएलटीसी (CLTC) सिटी लेवल टेक्नीकल सेल है, जो प्रधानमंत्री आवास योजना – शहरी के अंतर्गत शहरी निकायों या क्लस्टर स्तर पर कार्य करने वाली तकनीकी टीम है।




