पीएम सूर्यघर योजना से बिजली बिल में राहत..…अतिरिक्त बिजली से हो रही कमाई….. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान…. बिलासपुर जिले में अब तक साढ़े सात हजार सोलर संयंत्र स्थापित हितग्राही का अनुभव—बिजली बिल शून्य, अब तक ढाई हजार रुपये की अतिरिक्त आय

बिलासपुर– पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लोगों के लिए बिजली बिल में बचत के साथ अतिरिक्त आय का माध्यम बन रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर संयंत्र लगाकर उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहे हैं। वहीं, अतिरिक्त बिजली से कमाई का अवसर भी मिल रहा है। बिलासपुर के लखीराम अग्रवाल स्मृति ऑडिटोरियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नागरिकों से सौर ऊर्जा अपनाकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वर्तमान समय में घरों से लेकर उद्योगों तक बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। दैनिक जीवन में बिजली की उपयोगिता इतनी अधिक है कि थोड़ी देर की बाधा भी परेशानी का कारण बन जाती है। ऐसे में सौर ऊर्जा बिजली उत्पादन का एक बेहतर विकल्प बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य के लिए भी लाभकारी निवेश है। नागरिकों को इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर संयंत्र लगवाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नई तकनीक अपनाने में शुरुआत में कुछ आशंकाएं रहती हैं, लेकिन बदलते समय के साथ तकनीक से जुड़ना जरूरी है। सोलर संयंत्र के माध्यम से परिवार अपनी बिजली की जरूरत पूरी करने के साथ अतिरिक्त बिजली से आमदनी भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में जुटे बिजली विभाग के अधिकारियों की सराहना की और पात्र हितग्राहियों तक इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

हितग्राही ने बताया, बिजली बिल शून्य और ढाई हजार रुपये की कमाई……
कार्यक्रम में योजना के लाभार्थी जयंत सरकार ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने सितंबर 2025 में पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेकर अपने घर में सोलर संयंत्र लगवाया था। उनके अनुसार, संयंत्र स्थापित कराने की प्रक्रिया आसान रही और उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने बताया कि सोलर संयंत्र लगने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इसके साथ ही अब तक उन्हें ढाई हजार रुपये की अतिरिक्त कमाई भी हुई है। उनका अनुभव योजना के लाभों को समझने के लिए उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा।

बिलासपुर में 100 करोड़ रुपये का अनुदान……
सीएसईबी के कार्यपालन निदेशक ए.के. अंबष्ट ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली खर्च का बोझ कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। केंद्र और राज्य सरकार की सहायता से हितग्राहियों को सब्सिडी का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले में योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा चुका है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 72 करोड़ रुपये और राज्य सरकार की ओर से 28 करोड़ रुपये शामिल हैं।
अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े ने जानकारी दी कि जिले में 46 हजार सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध लगभग 13 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि साढ़े सात हजार संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत एक किलोवॉट क्षमता पर 45 हजार रुपये, दो किलोवॉट पर 90 हजार रुपये और तीन किलोवॉट पर एक लाख आठ हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है।
जिले के 10 गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य…..
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले के 10 गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। शहर का पॉम एन्क्लेव पूरी तरह सौर ऊर्जा से जुड़ चुका है, जो अन्य आवासीय क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक घरों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इससे घरेलू बिजली खर्च कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने योजना को विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने में सौर ऊर्जा की अहम भूमिका होगी। उन्होंने उद्योगों में भी सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे ने सौर ऊर्जा के विस्तार के लिए गुजरात के अनुभवों से सीखने तथा सोलर संयंत्रों के उचित रखरखाव पर ध्यान देने की बात कही।
दो दर्जन हितग्राहियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान….
कार्यक्रम के दौरान जयंत सरकार, सरोज तिवारी, लक्ष्मी देवी लहरे, गायत्री ठाकुर और प्रतिभा शुक्ला सहित दो दर्जन सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी गिरीश श्रीवास्तव और सुश्री सोनी, वेंडर्स भूपेंद्र यादव, राहुल एवं मनीष तथा बैंकिंग सहयोग के लिए एलडीएम राजू मोदी और चीफ मैनेजर स्वर्ण कमल को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, वेंडर्स और बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना ने किया तथा आभार प्रदर्शन सीएसईबी के वरिष्ठ अधिकारी पी.एल. सिदार ने किया।



