बेलतरा विधानसभा में मातृशक्ति के सशक्तिकरण की अनूठी पहल….सभी 64 ग्राम पंचायतों में बनेंगे महतारी सदन….. तीन नई पंचायतों को मिली ₹90 लाख की सौगात……

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक व्यापक और अनूठी पहल की जा रही है। क्षेत्रीय विधायक सुशांत शुक्ला के संकल्प के तहत पूरे विधानसभा क्षेत्र की सभी 64 ग्राम पंचायतों में ‘महतारी सदन’ या ‘मिनी महतारी सदन’ का निर्माण कराया जा रहा है।
इसी क्रम में राज्य शासन द्वारा ग्राम पंचायत सेंदरी, मटियारी एवं गड़वट में महतारी सदन के निर्माण के लिए ₹90 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन तीनों पंचायतों में ₹30-30 लाख की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त महतारी सदनों का निर्माण किया जाएगा।
अब तक की प्रगति……एक नजर में…..
पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत अब तक उल्लेखनीय कार्य हुए हैं:
- 5 ग्राम पंचायतों में निर्माण पूर्ण:
सेमरताल, लगरा, लखराम, गोंदईया एवं नेवसा में ₹30-30 लाख की लागत से महतारी सदनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। - 15 ग्राम पंचायतों में मिनी महतारी सदन तैयार:
मंडी बोर्ड के माध्यम से मोहतराई, मदनपुर, रानीगांव, नवागांव, खैरखुंडी, बेलतरा, रमदेई, करमा, कडरी, मंजुरपहरी, सेलर, डंगनिया, पौसरा, परसौड़ी और भरवीडीह में ₹15.50 लाख की लागत से मिनी महतारी सदनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। - 10 पंचायतों में टेंडर प्रक्रिया जारी:
अकलतरी, बाम्हू, बांका, बसहा, भाड़ी, भरारी, भिल्मी, बिटकुली (उ), चोरहदेवरी और धौरामुड़ा में ₹15.90 लाख की लागत से मिनी महतारी सदनों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनकी टेंडर प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। - शेष 31 पंचायतों के प्रस्ताव शासन स्तर पर:
सभी 64 पंचायतों को कवर करने के लक्ष्य के तहत शेष 31 ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे गए हैं, जिनकी स्वीकृति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा समर्पित मंच……
इन महतारी सदनों के बन जाने से ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए एक स्थायी और सुरक्षित स्थान मिलेगा। महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, कौशल प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न सामाजिक आयोजन अब प्रत्येक गांव में सुगमता से संचालित हो सकेंगे।
जनप्रतिनिधियों और सरपंचों ने जताया आभार……
ग्राम पंचायत मटियारी के सरपंच सतीश केशर, गड़वट के सरपंच चंद्रशेखर बैसवाड़े और सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने इस सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री द्वয় श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा तथा क्षेत्रीय विधायक श्री सुशांत शुक्ला के प्रति समस्त ग्रामवासियों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया है।
महिलाओं का सम्मान और विश्वास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक सुशांत शुक्ला
इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में बेलतरा एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां सभी 64 ग्राम पंचायतों में महिलाओं के लिए इस प्रकार के समर्पित केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। मेरा उद्देश्य केवल भवन बनवाना नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव की मातृशक्ति को संवाद, सहयोग, प्रशिक्षण और नेतृत्व विकास का एक मजबूत मंच प्रदान करना है।
विकसित बेलतरा की परिकल्पना को साकार करता यह अभियान ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण का एक नया मील का पत्थर साबित हो रहा है।




