नाबालिग का अवैध गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार…..

बिलासपुर–
जिले के तोरवा थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के बाद, मामले को दबाने और साक्ष्य मिटाने के लिए एक महिला डॉक्टर ने अपनी पेशेवर मर्यादा को ताक पर रख दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में संलिप्तता पाए जाने पर महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

प्रकरण के अनुसार, आरोपी गणेश सोनी (निवासी बुधवारी, तोरवा) द्वारा दिसंबर 2023 से लगातार नाबालिग पीड़िता को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया जा रहा था, जिससे वह गर्भवती हो गई। इस अपराध को छिपाने के लिए आरोपी ने उसलापुर स्थित एक अस्पताल की महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह की मदद से पीड़िता का अवैध गर्भपात करवाया।मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द कर चुकी है।

महिला डॉक्टर की काली करतूतें….

विवेचना के दौरान पुलिस जांच में महिला डॉक्टर की संलिप्तता को लेकर चौकाने वाले खुलासे हुए हैं।

नाबालिग होने की थी पूरी जानकारी…..

डॉक्टर को अच्छी तरह पता था कि पीड़िता नाबालिग है, इसके बावजूद उसने नियम विरुद्ध गर्भपात किया।

साक्ष्य मिटाने के लिए भ्रूण को नदी में फेंका…..

गर्भपात के बाद मिलने वाले भ्रूण को एक महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए, उसे ठिकाने लगाने के उद्देश्य से अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया।

कानून का उल्लंघन……

पॉक्सो एक्ट और अन्य प्रावधानों के तहत नाबालिग से जुड़े ऐसे अपराध की अनिवार्य सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी थी, लेकिन डॉक्टर ने अपनी संलिप्तता छिपाने के लिए पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई…..

घटना की गंभीरता और महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों को लेकर तोरवा पुलिस ने इस मामले की परतें खोलीं।पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने दिनांक 13.11.2026 को आरोपी महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह उम्र 43 वर्ष, निवासी- उसलापुर, बिलासपुर को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button