एसईसीएल को सोशल मीडिया प्रेजेंस का प्रथम पुरस्कार…..मुख्यालय में जनसंपर्क टीम ने निदेशक बिरंची दास को भेंट की ट्रॉफी….

बिलासपुर– साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘सोशल मीडिया प्रेजेंस’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस सम्मान के बाद 20 नवंबर 2026 को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में जनसंपर्क विभाग की टीम ने निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास से मुलाकात कर उन्हें पुरस्कार की ट्रॉफी सौंपी।
डिजिटल संवाद और नवाचार की सराहना…..
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने जनसंपर्क टीम को बधाई दी और उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में प्रभावी जनसंपर्क और डिजिटल संचार के माध्यम से कंपनी की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में जनसंपर्क विभाग की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने टीम को आगे भी इसी उत्साह और नवाचार के साथ बेहतर प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कोलकाता समारोह में SECL को कुल सात पुरस्कार….
गौरतलब है कि कोलकाता में आयोजित कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस समारोह में एसईसीएल को विभिन्न श्रेणियों में कुल सात पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इनमें तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार शामिल हैं। कॉर्पोरेट श्रेणियों में एसईसीएल को ‘सोशल मीडिया प्रेजेंस’ में प्रथम पुरस्कार के साथ-साथ ‘पर्यावरण प्रबंधन’ और ‘भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास’ में द्वितीय पुरस्कार भी प्राप्त हुए।
जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास…….
सोशल मीडिया प्रेजेंस में मिला यह पहला स्थान एसईसीएल के जनसंपर्क विभाग के उन सतत प्रयासों का परिणाम है, जिनके जरिए कंपनी की खनन गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण, सीएसआर पहलों, उपलब्धियों और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी जानकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रभावी व सरल ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।



