मोबाइल दुकान संचालक से 3.23 लाख की धोखाधड़ी…. 5 लाख का चेक देकर चार मोबाइल ले जाने का आरोप….

बिलासपुर–पुराना बस स्टैंड स्थित कर्बला रोड में मोबाइल दुकान संचालक से चार मोबाइल फोन लेकर भुगतान नहीं करने और चेक के जरिए कथित धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी निर्मन किंगरानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, सिंधी कॉलोनी शिव मंदिर निवासी जितेंद्र कुमार मलघानी कर्बला रोड, पुराना बस स्टैंड में सुनीता म्यूजिक नाम से मोबाइल दुकान संचालित करते हैं। उनकी पहचान की युवती के माध्यम से निर्मन किंगरानी से फोन पर संपर्क कराया गया था। मोबाइल की आवश्यकता बताकर आरोपी ने अपने परिचित व्यक्ति को दुकान भेजा और अलग-अलग तीन अवसरों पर कुल चार वीवो कंपनी के मोबाइल फोन लिए।

इन मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 3 लाख 23 हजार रुपये बताई गई है। मोबाइल लेने के दौरान आरोपी की ओर से 5 लाख रुपये का हस्ताक्षरित एवं दिनांकित चेक दिया गया तथा उसी दिन शाम तक भुगतान करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद आरोपी ने तय समय पर रकम नहीं दी।

दुकानदार के मुताबिक, अगले दिन फोन कर भुगतान मांगा गया तो आरोपी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। चेक बैंक में लगाने की बात कहने पर आरोपी ने कथित तौर पर चेक गुम होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराने की बात कही और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। कई बार रकम मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से मोबाइल लेकर भुगतान नहीं किया और चेक गुम होने की रिपोर्ट का हवाला देकर उसे रकम से वंचित कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

Related Articles

Back to top button