राजस्व वसूली में लापरवाही पर आयुक्त सख्त…..अधिकारियों-कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश……कम वसूली और बिना अनुमति बैठक से अनुपस्थित रहने वाले वार्ड प्रभारियों को जारी होगा कारण बताओ नोटिस…..बड़े बकायादारों से वसूली के लिए अभियान चलाएं…..नाम होगा सार्वजनिक……

बिलासपुर- नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।विकास भवन स्थित दृष्टि सभा कक्ष में आयोजित राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने निगम के सभी आठ जोनों की जोनवार एवं वार्डवार राजस्व वसूली की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित मासिक लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली नगर निगम के वित्तीय संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। जब तक राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं आती, तब तक संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन रोका जाएगा। बैठक में राजस्व अधिकारी और जोन क्रमांक 05 के सहायक राजस्व अधिकारी का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए।

बिना अनुमति अनुपस्थित और कम वसूली करने वालों को नोटिस……

समीक्षा बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर सात वार्ड प्रभारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।वहीं, राजस्व वसूली में कम प्रगति पाए जाने पर तीन अन्य वार्ड प्रभारी को भी नोटिस जारी किया जाएगा। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

30 नवंबर तक हर हाल में पूरा करना होगा राजस्व वसूली का लक्ष्य……
आयुक्त ने निर्देशित किया कि 23 अक्टूबर को आयोजित पिछली समीक्षा बैठक में जोनवार एवं वार्डवार राजस्व वसूली के जो लक्ष्य निर्धारित किए गए थे, उनमें तेजी लाते हुए 30 नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर शेष राशि को दिसंबर माह के लक्ष्य में जोड़कर वसूली की जाएगी।

बड़े बकायादारों पर होगी विशेष निगरानी, जारी होगी सूची….

आयुक्त ने बड़े बकायादारों से संपर्क कर उन्हें नोटिस तामील कराने तथा बड़े बकायादारों की सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए है । इसके अलावा सभी वार्डों में संपत्ति कर वसूली शिविर आयोजित करने और नागरिकों को संपत्ति कर जमा करने के लिए प्रेरित करने हेतु प्रतिदिन कचरा कलेक्शन वाहनों में जागरूकता जिंगल चलाने को कहा।

हॉस्टल, स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों से भी होगी वसूली…..

निगम क्षेत्र में संचालित सभी हॉस्टलों से नियमानुसार उपयोग के आधार पर उपभोक्ता प्रभार (यूजर चार्ज) लेने के निर्देश दिए गए। इसी तरह निजी स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों से नियमानुसार संपत्ति कर और उपयोग के अनुसार उपभोक्ता प्रभार वसूलने को कहा गया। बाजार विभाग की दुकानों से किराया वसूली में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर इसे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

डिजिटल माध्यम को और अधिक सुलभ बनाये…..

राजस्व वसूली को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाने के लिए आयुक्त ने चैटबॉट को सरल एवं हिंदी भाषा में तैयार करने तथा करदाताओं को बल्क मैसेज भेजने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बनाए गए नए संपत्ति करदाताओं की आईडी की जानकारी प्रस्तुत करने तथा सभी जोनों में कार्यरत राजस्व कर्मचारियों के परिचय पत्र तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

नागरिकों से समय पर कर एवं शुल्क जमा करने की अपील…..

नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने शहर के सभी संपत्तिधारकों, संस्थानों एवं निगम की दुकानों के किरायेदारों से अपील की है कि वे अपना संपत्ति कर, उपभोक्ता प्रभार एवं दुकान किराया समय पर जमा करें और शहर के विकास में सहभागी बनें। समय पर भुगतान नहीं करने पर नोटिस एवं कुर्की जैसी कार्रवाई की स्थिति निर्मित हो सकती है। नागरिक जोन कार्यालयों, निगम के अधिकृत वसूली कर्मचारियों अथवा ऑनलाइन पोर्टल nigambilaspur.com/ptis के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। भुगतान के बाद रसीद अवश्य प्राप्त करें तथा वसूली कर्मचारी का परिचय पत्र देखकर ही राशि जमा करें।

Related Articles

Back to top button