रफ्तार का कहर….. एनएच-49 पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार फोटोग्राफर की मौत,साथी घायल…. मस्तूरी से काम निपटाकर गांव लौटते समय सिलपहरी के पास हुआ हादसा….. पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर……

बिलासपुर– सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी के पास नेशनल हाईवे-49 पर शुक्रवार कि देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय फोटोग्राफर की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी घायल हो गया। पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
काम से लौटते समय हुआ हादसा…..
जानकारी के अनुसार, बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम बरतोरी निवासी योगेंद्र कौशिक (28 वर्ष), पिता लव कौशिक, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम करता था। शुक्रवार को वह अपने साथी समीर कौशिक के साथ फोटोग्राफी के सिलसिले में मस्तूरी गया हुआ था। देर रात काम पूरा होने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बाइक समीर चला रहा था और योगेंद्र पीछे बैठा था।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम…….
जब वे सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी के पास एनएच-49 पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (क्रमांक CG 25 M 1100) ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में योगेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि समीर भी घायल हो गया।
राहगीर की मदद से पहुंचाया अस्पताल, गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीर तुलसी कौशिक ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण योगेंद्र ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, घायल समीर का अस्पताल में उपचार कराया गया है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।



