पं.मुन्नुलाल शुक्ल स्कूल में तैयारी पूरी….. बृहस्पति बाजार के व्यापारी होंगे शिफ्ट……कमिश्नर ने देखी व्यवस्था….. बृहस्पति बाजार पुनर्विकास तक पं.मुन्नुलाल शुक्ला स्कूल में लगेगा बाजार…37 दुकान और 226 चबुतरे बनाए गए है,टाॅयलेट और पार्किंग की भी सुविधा…..

बिलासपुर- बृहस्पति बाजार के पुनर्विकास कार्य पूरा होते तक रिवर व्यू के किनारे पं. मुन्नुलाल शुक्ल स्कूल परिसर में बृहस्पति के व्यापारियों को अस्थाई रूप से जगह दी जा रही है। इसके लिए पूरे स्कूल परिसर को ही एक बाजार का रूप दिया गया है। सब्जी व्यापारियों के लिए तैयार किए गए बाजार का निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 1 दिसंबर को शिफ्टिंग की तैयारी है।

शहर के प्रमुख बृहस्पति बाजार का पुनर्विकास कार्य किया जाएगा,जिसके लिए वहां के सब्जी व्यापारियों को कार्य पूर्ण होते तक अस्थाई बाजार में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने गोड़पारा के पास रिवर व्यू के किनारे पं.मुन्नुलाल शुक्ल स्कूल मैदान को अस्थाई बाजार के रूप में विकसित किया है। जहां 37 दुकान और 226 चबुतरे बनाए गए है,बारिश और धूप से बचाव के लिए सभी चबुतरे के ऊपर पक्के शेड का निर्माण किया गया है। अस्थाई बजार में महिला एवं पुरूषो के लिए टाॅयलेट,पार्किंग,विद्युत एवं पानी की व्यवस्था की गई है। बृहस्पति बाजार के व्यापारियों के लिए तैयार किए बाजार स्थल का आज निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा,इस दौरान निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यापारियों और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा ना हो,इसका विशेष ध्यान रखें।
बृहस्पति बाजार का होगा कायाकल्प,पार्किंग और ट्रैफिक होगी व्यवस्थित…..
नगर निगम डीएमएफ फंड के 13 करोड़ 39 लाख में बृहस्पति बाजार का कायाकल्प कर एक नया स्वरुप देने जा रहा है। जिससे सब्जी विक्रेताओं को व्यवसाय के लिए एक व्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त स्थान मिलेगा तो वहीं शहरवासियों को भी सुगम और व्यवस्थित बाजार मिलेगा। पुनर्विकास और कायाकल्प के तहत नए बाजार के निर्माण से बजबजाती नाली,अस्त व्यस्त जगह,चारों ओर पसरी गंदगी और पार्किंग की समस्या से सब्जी विक्रेताओं को निजात मिलने वाली है। इससे बृहस्पति बाजार चौक में पार्किंग की समस्या दूर होगी,जिससे क्षेत्र में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और यातायात सुगम होगा।




