ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई…..1.65 लाख के मादक पदार्थ के साथ 4 गिरफ्तार……

मुंगेली- जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी कीमत 59 हजार रुपये बताई गई है, सहित तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई भारत सरकार के नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन बाज के अंतर्गत की गई।

पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरदार पटेल वार्ड निवासी सुरेन्द्र पटेल के घर के पीछे बाड़ी में चार व्यक्ति ब्राउन शुगर बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना पर साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान जयकुमार साहू (21), दीपक यादव (22), रोशन पटेल (20) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23), सभी निवासी मुंगेली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल ने 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) जाकर ब्राउन शुगर खरीदने और उसे मुंगेली लाने की बात स्वीकार की। वहीं, 14 नवंबर को चारों आरोपी इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की मदद से ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर बिक्री करने की तैयारी में थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 59 हजार रुपये कीमत की ब्राउन शुगर, 1 लाख 6 हजार 80 रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। चारों के खिलाफ सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। 15 नवंबर को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी की नागरिकों से अपील……

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button