हाईवे से 12 मीटर रेलिंग चोरी का खुलासा,…..ट्रैक्टर समेत चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा…..

बिलासपुर-सकरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे लगी लोहे की रेलिंग चोरी करने के मामले में सकरी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई करीब 12 मीटर लंबी लोहे की रेलिंग, जिसकी कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है, शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रसाद पंडा (32), निवासी ग्राम डेराडीह, जिला केंद्रपाड़ा (ओडिशा), वर्तमान में बीएन सिटी लोखंडी, तखतपुर में निवासरत हैं। उन्होंने 14 नवंबर 2026 को सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच सैदा तिवारीपारा स्थित एनएच किनारे लगी लगभग 12 मीटर लंबी लोहे की रेलिंग को कोई अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर की मदद से चोरी कर ले गया है।

शिकायत पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1050/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोपी साहू (20), निवासी गायत्री मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 1, सकरी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई 12 मीटर लोहे की रेलिंग, कीमत 36 हजार रुपये, तथा घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर क्रमांक CG 10 AA 8341 जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Back to top button