
राजस्व वसूली में तेजी लाएं, प्रॉपर्टी टैक्स के साथ जलकर को जोड़कर ऑनलाइन डेटा अपडेट करने का काम करें तेज़….. निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने ली विभागीय समीक्षा बैठक….
बिलासपुर–नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शाम 4 बजे दृष्टि सभा कक्ष में निगम के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित कार्यों और योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में राजस्व वसूली, जनशिकायतों के निराकरण, न्यायालयीन प्रकरण, अतिक्रमण, भवन निर्माण अनुमति, अवैध प्लाटिंग, स्वच्छ पेयजल, निर्माण कार्य सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निगम कमिश्नर ने संपत्तिकर एवं जलकर की वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलकर को प्रॉपर्टी टैक्स से लिंक करने तथा ऑफलाइन उपलब्ध डेटा को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि प्रत्येक संपत्ति का रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन रहे तथा कर वसूली की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके। उन्होंने राजस्व से जुड़े अधिकारियों को लंबित डेटा एंट्री और रिकॉर्ड अपडेट का कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बाजार शाखा एवं होर्डिंग शाखा की राजस्व वसूली की भी समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने तथा बकायादारों से प्राथमिकता के आधार पर राजस्व की वसूली करने कहा।
शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं….
बैठक में CM हेल्पलाइन, TL, PMO, PGN एवं ऑनलाइन शिकायतों के साथ-साथ लोक सेवा गारंटी एवं निदान 1100 के प्रकरणों की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सुशासन तिहार के आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने कहा गया।
न्यायालयीन प्रकरणों पर विशेष निगरानी…..
सुप्रीम कोर्ट एवं हाई कोर्ट से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निगम कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से निगरानी करने तथा समय पर आवश्यक कार्रवाई और जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण और अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश….
निगम कमिश्नर ने फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लगातार जारी रखने तथा आम नागरिकों के आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई करने कहा। भवन निर्माण अनुमति एवं अवैध प्लाटिंग के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रतिमा स्थापना के लिए बनाए जाने वाले पंडालों के संबंध में भी आवश्यक नियमों और व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल और निर्माण कार्यों की समीक्षा….
बैठक में शहर में शुद्ध पेयजल प्रदाय की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा कहीं भी पेयजल संबंधी समस्या होने पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने कहा। इसके साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में OBC सर्वे की ऑनलाइन एंट्री, प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना, गौधाम योजना एवं कांजी हाउस संचालन तथा PM स्वनिधि योजना की भी समीक्षा की गई।बैठक में समस्त विभाग प्रमुख, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, राजस्व अधिकारी, समस्त ARO एवं PIU सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




