25 जून संविधान हत्या दिवस और 26 जून आपातकाल स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा– सच्चिदानंद उपासने…..

बिलासपुर–बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने जानकारी दी कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास के काले अध्याय माने जाने वाले 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की स्मृति को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” एवं 26 जून को “आपातकाल स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है। उपासने ने कहा कि 26 जून 1975 से मार्च 1977 तक चले 21 माह के आपातकाल को देश कभी नहीं भूल सकता। इस दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन किया गया, हजारों लोकतंत्र समर्थकों को मीसा सहित अन्य कठोर कानूनों के तहत जेलों में बंद किया गया तथा प्रेस की स्वतंत्रता पर अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाए गए। समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू कर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि लोकतंत्र सेनानियों को मुख्यमंत्री द्वारा 28 जून को आयोजित भव्य सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर “आपातकाल योद्धा” संदर्भ ग्रंथ एवं स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लोकतंत्र सेनानी संघ एवं लोकतंत्र प्रहरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय निबंध प्रतियोगिता होगी। “आपातकाल कभी विस्मृत न हो” तथा “25 जून संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता” विषयों पर विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा दोनों स्तरों पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार एवं 11 हजार रुपये नगद पुरस्कार तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी 520 विद्यार्थियों तथा संबंधित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से ससम्मान निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।

यह भव्य आयोजन 28 जून को प्रातः 11 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। सम्मेलन में संगठन के पदाधिकारियों, प्रबुद्ध वैचारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, मंत्रियों, विधायकों, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम में “आपातकाल का काला इतिहास एवं संविधान हत्या दिवस” विषय पर प्रबुद्ध वक्ताओं के व्याख्यान होंगे तथा इस विषय पर प्रकाशित विशेष स्मारिका “आपातकाल योद्धा” का विमोचन किया जाएगा।

लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षण संस्थान मोबाइल नंबर 9425202652 एवं 9425552092 पर संपर्क कर सकते हैं। पत्रकार वार्ता में सच्चिदानंद उपासने के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दत्ता त्रिपुरवार, जिला अध्यक्ष सुहास देशपांडे तथा सुनील पुराणिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button