
39 वर्षों की परंपरा कायम…..हाईकोर्ट के निर्देश पर शहर से बाहर मना अभिनेता संजय दत्त का जन्मदिन…..
बिलासपुर–शहर के मध्य नगरी चौक में फिल्म अभिनेता संजय दत्त के जन्मदिन का जश्न बीते 39 वर्षों से मनाते आ रहे चुट्टू अवस्थी और उनके प्रशंसकों ने इस बार हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए शहर से बाहर अपने पसंदीदा अभिनेता संजय दत्त का बर्थडे बहुत ही सादगी अंदाज में सेलिब्रेट किया । स्थानीय प्रशासन से अनुमति न मिलने के बाद आयोजकों ने फिल्म अभिनेता संजय दत्त का जन्मदिन सेलिब्रेट करने की अनुमति हेतु हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
28 जुलाई को हाई कोर्ट जस्टिस ए के प्रसाद की कोर्ट में हुई सुनवाई में न्यायालय ने स्पष्ट किया कि फिल्म अभिनेता के जन्मदिन का आयोजन शहर से दूर शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद आयोजकों ने इस वर्ष कोनी स्थित कंट्री क्लब में अपने मित्रों और शुभचिंतकों के साथ अभिनेता संजय दत्त का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में केक काटा गया, संजय दत्त के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई तथा उनके फिल्मी सफर को याद करते हुए प्रशंसकों ने खुशी जाहिर की।
आयोजन प्रमुख चुट्टू अवस्थी ने बताया कि वे पिछले 39 वर्षों से लगातार संजय दत्त का जन्मदिन मनाते आ रहे हैं। इस बार न्यायालय के निर्देशों का सम्मान करते हुए आयोजन का स्थान बदला गया, जिसके चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



