
भीम आर्मी ने जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन…अंबेडकर सम्मान से लेकर गौशाला में गायों की मौत और राशन अनियमितता की निष्पक्ष जांच की मांग….
बिलासपुर-जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर, बिलासपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित मामलों में तत्काल निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े इन मामलों का निराकरण संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र कराया जाना आवश्यक है। साथ ही ज्ञापन में उठाई गई मांगों और कार्रवाई की जानकारी छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री तक भेजने का भी आग्रह किया गया है।
भीम आर्मी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान से जुड़े मामले, ग्राम पंचायत ओखर की गौशाला में लगभग 50 गायों की मौत, नवीन शासकीय महाविद्यालय पचपेड़ी की व्यवस्था तथा ग्राम पंचायत धनगवा में चावल वितरण से संबंधित कथित अनियमितताओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
अंबेडकर सम्मान के मामले में सीसीटीवी सार्वजनिक करने की मांग.…..
ज्ञापन में कहा गया है कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संबंध में किसी भी प्रकार के अपमान या अमर्यादित व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाने तथा जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ओखर की गौशाला में करीब 50 गायों की मौत की निष्पक्ष जांच…..
भीम आर्मी ने ग्राम पंचायत ओखर स्थित श्री वासुदेव गौशाला समिति में लगभग 50 गायों की मौत के मामले को भी गंभीरता से उठाया है। ज्ञापन में गायों की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही यदि जांच में लापरवाही, कुप्रबंधन या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
पचपेड़ी शासकीय महाविद्यालय की व्यवस्था की जांच की मांग……
ज्ञापन में नवीन शासकीय महाविद्यालय पचपेड़ी को उसके निर्धारित एवं उचित स्थान पर व्यवस्थित रूप से संचालित किए जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही महाविद्यालय से संबंधित भूमि, भवन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जांच कर विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।
धनगवा में चावल वितरण में कथित अनियमितता की उच्चस्तरीय जांच…..
ग्राम पंचायत धनगवा में चावल वितरण से संबंधित कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया। भीम आर्मी ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि जांच में भ्रष्टाचार या शासकीय खाद्यान्न के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।
जांच की प्रगति की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि सभी मामलों को जनहित का विषय मानते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए जाएं। साथ ही जांच की प्रगति और की गई कार्रवाई से संबंधित पक्ष एवं आम जनता को अवगत कराया जाए।
ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया है कि उठाई गई मांगों और प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को भी प्रेषित की जाए, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े इन मामलों में शीघ्र, पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई उनकी प्रमुख मांग है।



