
मानसून की पहली ही बारिश में बड़ा हादसा……चलती कार पर गिरा विशाल पेड़…सामने का भाग हुआ क्षतिग्रस्त,कार सवार सुरक्षित…..आंधी-तूफान का कहर….. वीआईपी इलाके की घटना… पेड़ गिरा, तार टूटे, घंटों गुल रही बिजली…
बिलासपुर-न्यायधानी में सोमवार शाम मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी-तूफान ने जमकर कहर बरपाया। तेज हवाओं के चलते शहर के कई इलाकों में पेड़ धराशायी हो गए। सबसे बड़ी घटना वीआईपी क्षेत्र में हुई, जहां संभागायुक्त और न्यायिक अधिकारियों के आवास के पास एक विशाल पेड़ चलती कार पर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, कलेक्टर बंगले के सामने स्थित वीआईपी क्षेत्र में लाल रंग की एक स्विफ्ट कार गुजर रही थी। तभी तेज आंधी के बीच सड़क किनारे खड़ा विशाल पेड़ अचानक कार पर गिर गया। पेड़ गिरते ही कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के क्षेत्र में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत व मरम्मत कार्य में जुट गए।




