डिजिटल अरेस्ट ठगी का बड़ा खुलासा….. 54.40 लाख की रकम वाले खाते के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार…..

बिलासपुर-डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी के एक बड़े मामले में रेंज साइबर थाना बिलासपुर को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है, जिनके बैंक खाते में साइबर ठगी की 54 लाख 40 हजार रुपये की रकम प्राप्त हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 2 प्रतिशत कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट, शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था।

मामला तब सामने आया जब साइबर ठगों ने एक वरिष्ठ नागरिक महिला को जांच एजेंसियों का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल किया और आतंकवादी संगठन से नाम जुड़ा होने का डर दिखाकर कथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखा। ठगों ने महिला से अलग-अलग खातों में 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को एक आईसीआईसीआई बैंक खाते में 54.40 लाख रुपये जमा होने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर टीम ने महाराष्ट्र के भंडारा पहुंचकर मोहम्मद नेमतउल्लाह मंसूरी (25) और उसके पिता अब्दुल कयूम अंसारी (47) को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी नेपाल के काठमांडू जाकर साइबर गिरोह के सदस्यों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। पुलिस अब पूरे साइबर नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button