दिनदहाड़े व्यवसायी का अपहरण….. पुलिसकर्मी बनकर आए बदमाश… पिस्तौल की नोक प रव्यवसायी को कार में ले गए…..सीसीटीवी में कैद हुई घटना….

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही–मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ में शनिवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज अपहरण की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाश खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक व्यवसायी को पिस्तौल की नोक पर जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और व्यवसायी की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उषाढ निवासी गिरीश यादव किराना, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का व्यवसाय करते हैं। उनकी पत्नी दुर्गा यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर करीब 11 बजे गिरीश यादव घर के गलियारे में आराम कर रहे थे, जबकि उनका बेटा पंकज यादव दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक नीले रंग की कार में सवार दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने पहले दुकान पर बैठे बेटे से गिरीश यादव के बारे में जानकारी ली और फिर सीधे घर पहुंच गए। वहां उन्होंने सो रहे गिरीश यादव को जगाया और स्टील रंग की पिस्तौल दिखाते हुए खुद को पुलिसकर्मी बताया। जब गिरीश यादव ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें पैर में गोली मारने की धमकी दी और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।

घटना के बाद व्यवसायी के छोटे भाई ने बरौर क्षेत्र में कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वाहन को तेज रफ्तार से मरवाही की ओर लेकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस सक्रिय हुई और शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की पहचान और व्यवसायी की सुरक्षित बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान चला रही है।
इस दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button