
खनिज संपदा से सराफा जगत तक नई संभावनाओं पर हुआ संवाद…. सेवा संकल्प अभियान के तृतीय दिवस में सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह रहे मुख्य अतिथि….. सराफा व्यापारियों ने जाना छत्तीसगढ़ के सोना-हीरा खनन की संभावनाओं और CMDC की भूमिका….
बिलासपुर·बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के सेवा संकल्प एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के तीसरे दिन खनिज संपदा और सराफा कारोबार के बीच नई संभावनाओं को लेकर संवाद हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन यानी CMDC के अध्यक्ष सौरभ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन, मां भारती की आरती और सामूहिक वंदे मातरम् के गायन के साथ हुई। सराफा समाज की ओर से मुख्य अतिथि सौरभ सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया गया।
इस दौरान सौरभ सिंह ने छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा और CMDC की गतिविधियों को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र के बलौदा-बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में चल रहे हीरा अन्वेषण कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में NMDC-CMDC के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से अन्वेषण की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सर्वेक्षण और ड्रिलिंग के माध्यम से क्षेत्र की खनिज संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है। आगे के चरणों में वैज्ञानिक मूल्यांकन के आधार पर संभावित व्यावसायिक खनन की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
सौरभ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा में सोना, हीरा और अन्य बहुमूल्य खनिजों की संभावनाएं राज्य के आर्थिक और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। साथ ही उन्होंने इन संभावनाओं से सराफा व्यापार और स्थानीय कारोबार को मिलने वाले अवसरों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में बिलासपुर सराफा समाज के वरिष्ठ सदस्य, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी मौजूद रहे। अंत में महासचिव श्री श्रीकांत पांडेय ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
बिलासपुर सराफा एसोसिएशन का यह सेवा, संवाद एवं जनजागरूकता अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है।



