
फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने निगम की कार्रवाई, 25 हजार रुपये जुर्माना वसूला….
बिलासपुर–नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर शहर में फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आज जोन क्रमांक-4 एवं अतिक्रमण विरोधी टीम द्वारा व्यापार विहार से महाराणा प्रताप चौक तक फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान फुटपाथ पर दुकान का सामान रखकर, अस्थायी ठेला एवं अन्य माध्यमों से आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। साथ ही विभिन्न अतिक्रमणकारियों से कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। निगम की टीम ने संबंधितों को दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश भी दी।इसी तरह बृहस्पति बाजार क्षेत्र में भी फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। निगम की टीम द्वारा फुटपाथ को पैदल चलने वाले नागरिकों के लिए सुगम बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों के फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ आम नागरिकों के पैदल आवागमन के लिए हैं, इसलिए उन्हें अतिक्रमण मुक्त रखना निगम की प्राथमिकता है। अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना वसूली की जाएगी।




