पचपेड़ी के 17 वर्षीय युवक की चंद्रपुर के पास महानदी में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस,,,

बिलासपुर–पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी 17 वर्षीय युवक की लाश चंद्रपुर थाना क्षेत्र में महानदी के घाट के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गोपालपुर निवासी युवक अपने दो साथियों के साथ बलौदाबाजार जिले के पंडरिया गांव में एक लड़की से मिलने गया था। इसी दौरान वहां कुछ लोगों द्वारा तीनों युवकों को पकड़ने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान तीनों युवक वहां से भागने लगे। इनमें से दो युवक वापस गोपालपुर पहुंच गए, जबकि 17 वर्षीय युवक का कोई पता नहीं चला।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, लापता युवक की चप्पल बाद में नदी किनारे मिली थी। इसके बाद आशंका जताई जा रही थी कि घबराहट में युवक नदी की ओर चला गया होगा। उसकी तलाश के दौरान अब चंद्रपुर थाना क्षेत्र में महानदी के घाट के पास उसका शव बरामद हुआ है।
शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। चंद्रपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा युवक के साथ मौजूद दोनों साथियों और अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button