भीषण आगजनी से तीन से चार दुकान आग की चपेट में… दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस टीम पहुंची मौके पर….आग बुझाने जुटी टीम…..

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील व्यावसायिक क्षेत्रों में से एक रेलवे स्टेशन गेट क्रमांक-1 के समीप देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साइकिल दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की तीन से चार दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक आसमान में धुएं और आग का गुबार दिखाई दे रहा था। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की चार से पांच गाड़ियां लगातार मशक्कत कर रही हैं। आग की भयावहता को देखते हुए एहतियातन रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के आसपास के मार्गों पर आवागमन रोक दिया गया है और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है।

बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले एक साइकिल दुकान में लगी, जिसके बाद उसने बगल की इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य व्यावसायिक दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकड़ा आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। देर रात हुई इस घटना से आसपास के व्यापारियों में चिंता और भय का माहौल है। कई दुकानदार मौके पर पहुंचकर अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही कारणों और नुकसान का आकलन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button