
अपार्टमेंट के चौथे माले के फ्लैट में लगी आग….मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड….शॉर्ट सर्किट की आशंका…..?मंगला चौक के पास घटना…..
बिलासपुर– मंगलवार की शाम को मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद तेज आंधी और तूफान ने आम जन जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया तो वहीं देर रात हुई आगजनी की घटना ने पूरे अपार्टमेट में दहशत का माहौल बन गया।सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत मंगला चौक स्थित भाटिया रेसीडेंसी अपार्टमेंट के चौथे माले के फ्लैट में अचानक आग लग गई।

आग लगने की खबर के बाद से पूरे अपार्टमेंट में अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया।आस पास लोग काफी संख्या में मौके पर पहुंचकर कर आग को बुझाने का प्रयास करते रहे लेकिन आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते उसने अपना विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फ्लैट के कमरों में आग फैल गई।गनीमत रही कि आग किचन तक पहुंच गई थी लेकिन किचन के अंदर रखे गैस सिलेंडर में आग नहीं पकड़ी।आगजनी की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई,और आगजनी पर जल्द ही काबू पा लिया।लेकिन तबतक काफी देर हो गई और आग की वजह से फ्लैट पूरी तरह से जल गया।

जानकारी के अनुसार प्रापर्टी डीलिंग का काम करने वाले यश रेलवानी अपनी मां और बहन के साथ मंगला स्थित भाटिया रेसीडेंसी के चौथे माले में रहते है। देर रात अचानक इनकी बहन की तबियत खराब हुई और यश रेलवानी अपनी बहन और मां को लेकर अस्पताल चले गए।रात लगभग एक से डेढ़ बजे के बीच फ्लैट के बाजू में रहने वाले पड़ोसी ने यश को सूचना दी कि घर से आग की लपटे निकल रही है।फ्लैट मालिक जब तक वहां पहुंच पाते की आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फ्लैट के कमरों फैल गई और इस भयानक आगजनी में घर के अंदर रखे घरेलू समान पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और जलकर खाख हो गया।आगजनी में कितने का नुकसान हुआ इसका अनुमान नहीं लग पाया है। आगजनी में कोई भी हताहत नहीं हुआ।लेकिन घर में रखे हुए लाखों रुपए का समान जलकर खाख हो गया।इस आगजनी के पीछे का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि आगजनी का मुख्य कारण क्या था।जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।



