
पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन एवं नशा मुक्ति के लिए देशव्यापी जनजागरण अभियान का बिलासपुर में प्रथम पड़ाव…
बिलासपुर–ब्रह्माकुमारीज़ के साइंटिस्ट एवं इंजीनियरिंग विंग द्वारा संचालित 29वें देशव्यापी पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन एवं नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के अंतर्गत बिलासपुर को छत्तीसगढ़ का पहला पड़ाव बनाया गया। इस अवसर पर बिलासपुर प्रेसक्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में विंग के राष्ट्रीय समन्वयक भारत भूषण भाईजी ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरण का संदेश लेकर देशभर में चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान का शुभारंभ 26 जुलाई को रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से हुआ तथा बिलासपुर इसका प्रथम पड़ाव है। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 15 शहरों में विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं अन्य संस्थानों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें हजारों लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा।
भारत भूषण भाईजी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने तथा उसके विकसित होने तक संरक्षण देने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा। मेडिटेशन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर इच्छाशक्ति को मजबूत बनाने तथा नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही जल, वायु एवं अन्न प्रदूषण को रोकने तथा रासायनिक प्रदूषण कम करने का संदेश भी समाज तक पहुँचाया जाएगा।
भारत भूषण भाईजी ने बताया कि इस पर्यावरण संरक्षण अभियान की रूपरेखा राष्ट्रपति भवन में भी प्रस्तुत की गई थी, जहाँ महामहिम राष्ट्रपति ने अभियान के लिए अपनी शुभकामनाएँ प्रदान की थीं। उन्होंने कहा कि अभियान के विभिन्न चरण देश के अलग-अलग राज्यों में निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 3 अगस्त से 25 अगस्त तक देशव्यापी नशा मुक्ति महाअभियान चलाया जाएगा। इसमें ब्रह्माकुमारीज़ के हजारों सेवा केंद्रों तथा लगभग 25 लाख स्वयंसेवकों की सहभागिता रहेगी। अभियान का लक्ष्य देशभर में 10 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाना है।
प्रेसवार्ता में भारत भूषण भाईजी ने बताया कि वे ब्रह्माकुमारीज़ के साइंटिस्ट एवं इंजीनियरिंग विंग के राष्ट्रीय समन्वयक, अंतरराष्ट्रीय मोटिवेशनल ट्रेनर, ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर, पानीपत के निदेशक तथा दादी जानकी पॉजिटिव हेल्थ केयर सेंटर के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि बिलासपुर प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर कुल 11 जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मंजू दीदी, उमेश भावनानी एवं रेखा आहूजा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




