कारोबारी पर हमला कर लाखों रुपये की लूट….मोटरसाइकिल सवार चार अज्ञात बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम…..

बिलासपुर – न्यायधानी बिलासपुर में लूटपाट, चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।जहां दिनदहाड़े एक कारोबारी पर हमला कर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार कतियापारा जूना बिलासपुर निवासी अभिषेक गुप्ता, जो गोडपारा में खोवा की दुकान संचालित करते हैं।गुरुवार 4 जून को अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घी खरीदने देवभोग कोनी जा रहे थे।

दोपहर करीब 4:15 बजे जब वे बिरकोना-कोनी रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे। तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब उन्होंने वहां से निकलने की कोशिश की तो बदमाशों ने पीछा किया और डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर डंडों और धारदार हथियार से उनकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में अभिषेक के सिर, गर्दन, पीठ और हाथ में चोटें आईं।मारपीट के दौरान आरोपी उनके पास मौजूद 1 लाख 66 हजार रुपये नगद, सैमसंग एस-25 अल्ट्रा मोबाइल फोन तथा गले में पहनी सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक ने अपने परिचितों को बुलाकर पूरी जानकारी दी और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। कोनी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही लूटपाट, चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं से शहरवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे न्यायधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वही इस मामले में थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।मामले की जांच की जा रही है।घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग अलग टीम बनाकर इनकी पतासाजी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button