
ट्रेन से गांजा तस्करी का खुलासा…महिला समेत 5 गिरफ्तार 24 किलो गांजा बरामद, लाखों में बताई जा रही कीमत
बिलासपुर -ट्रेनों के जरिए गांजा तस्करी करने वालों के खिलाफ जीआरपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 से संदिग्ध हालत में बैठे 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से करीब 24 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जीआरपी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर कुछ लोग संदिग्ध रूप से बैठे हुए हैं और उनके पास नशीले पदार्थ की खेप हो सकती है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली। पुलिस ने करीब 24 किलो गांजा जब्त करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। जीआरपी अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे ट्रेन के जरिए कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।फिलहाल जीआरपी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।



