मंगला चौक में बदमाश युवक की गुंडागर्दी….चाय दुकानदार पर लोहे की रॉड से हमला….. सिविल लाइन पुलिस जुटी जांच में…..

बिलासपुर-छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार घटित अपराध और उनके आंकड़े से आप सहज अनुमान लगा सकते है कि कैसे अपराधी घटना को अंजाम देने में कोई गुरेज भी नहीं कर रहे है।इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा खड़ा कर दिया।आपको बताते चले कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मंगला चौक स्थित एक चाय दुकान में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक युवक कथित तौर पर लोहे की रॉड लेकर दुकान पहुंच गया और दुकानदार पर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और ऑटो चालकों में नाराजगी और भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मंगला चौक में चाय दुकान संचालित करने वाले अजय खूंटे ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र निवासी प्रदीप वर्मा पुरानी रंजिश के चलते उसकी दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसे दुकान से बाहर खींच लिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने लोहे की वस्तु से कई बार हमला करने का प्रयास किया और इस दौरान पत्थर से भी वार किया। बचाव के दौरान उसे चोटें आईं। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
अजय खूंटे ने बताया कि वह अपने परिवार और बेटी का पालन-पोषण चाय दुकान के व्यवसाय से करता है, लेकिन आरोपी की लगातार हरकतों और धमकियों के कारण भय के माहौल में काम करने को मजबूर है। उसने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय व्यापारियों और ऑटो चालकों का भी आरोप है कि संबंधित युवक अक्सर मंगला चौक क्षेत्र में विवाद, गाली-गलौज और हंगामा करता है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी किशोर केवंट ने बताया कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button