प्रेम संबंध बना हत्या की वजह….पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या….पति और नाबालिग बेटा गिरफ्तार…..

बिलासपुर–सकरी थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर प्रेम संबंध एक युवक की हत्या का कारण बन गया। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सैदा में एक व्यक्ति ने अपने नाबालिग पुत्र के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पति और विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में ले लिया।
मृतक की पहचान दावेन्द्र कुमार बघेल (30) निवासी राम्हेपुर, लोरमी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का आरोपी की पत्नी से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। शनिवार को वह महिला को नया सिम कार्ड देने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान पति शिव कामले ने उसे देख लिया और बेटे की मदद से घर के भीतर बुलाकर विवाद किया।
आरोप है कि समझाने-बुझाने के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दोनों ने प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जर के तार से दावेन्द्र का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button