समाज में पारदर्शिता की कमी का आरोप, सदस्य ने न्याय नहीं मिलने पर कोर्ट जाने की दी चेतावनी….

बिलासपुर–ग्राम झलिया पुर एवं नवागढ़ क्षेत्र के निवासी संतोष सिंह क्षत्री ने बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान छत्रीय समाज के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाज में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है और कुछ पदाधिकारी मनमाने तरीके से निर्णय ले रहे हैं, जिससे आम सदस्यों में असंतोष बढ़ रहा है।

संतोष सिंह क्षत्री ने बताया कि वे छत्रीय समाज के सक्रिय सदस्य हैं, लेकिन उन्हें आज तक न तो ग्राम स्तर पर किसी बैठक या निर्णय की औपचारिक सूचना दी गई और न ही क्षेत्रीय स्तर से कोई प्रमाणिक दस्तावेज उपलब्ध कराया गया है। इसके बावजूद समाज के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में उनसे जिम्मेदारियों की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से उनके साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। समाज में आयोजित पूजा-पाठ एवं अन्य कार्यक्रमों में क्षेत्रीय पदाधिकारियों द्वारा भेदभाव किया जाता है, जिससे समाज की एकता और पारदर्शिता पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं।

प्रेस कांफ्रेंस में चंदा वसूली का मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठाया गया। संतोष सिंह क्षत्री ने बताया कि पहले समाज के सदस्यों से ₹10 शुल्क लिया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर ₹50 कर दिया गया है। इसके बावजूद सामाजिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं में कोई स्पष्ट सुधार या पारदर्शिता देखने को नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के नाम पर धन संग्रह किया जा रहा है, लेकिन उसके उपयोग की सही जानकारी सदस्यों को नहीं दी जा रही है।

संतोष सिंह क्षत्री ने न्यायमंडल और पदाधिकारियों पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्णय निष्पक्ष रूप से नहीं लिए जा रहे हैं, बल्कि व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर फैसले किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में वे थाना, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से उन्होंने मांग की कि समाज के नियमों के अनुसार एक माह के भीतर ग्राम स्तर पर सुनवाई सुनिश्चित की जाए और उसके बाद क्षेत्रीय स्तर पर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे न्यायालय की शरण लेने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर रामनिहोरा सिंह राजपूत, गुलाब सिंह राजपूत, बागेश्वर सिंह राजपूत, संतोष सिंह राजपूत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button