
बिना अनुमति संचालित ओयो होटल पर नगर निगम की कार्रवाई…..“द गोल्डन स्टे” होटल सील…..
बिलासपुर–नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर नगर निगम द्वारा बुधवार को सिरगिट्टी के मेन रोड स्थित मुक्तिधाम के पास संचालित “द गोल्डन स्टे” (ओयो होटल) के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया गया। उक्त होटल बिना आवश्यक अनुमति एवं वैधानिक स्वीकृतियों के संचालित किया जा रहा था। साथ ही होटल में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें होटल का संचालन नियमानुसार अनुमति के बिना किया जाना पाया गया।

इसके बाद नगर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नगर निगम क्षेत्र में बिना वैधानिक अनुमति के संचालित होने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं होटल-लॉज के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




