
शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार…..
बिलासपुर–बिलासपुर की तोरवा पुलिस ने महिला संबंधी मामले में कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई है।जहां आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया गया है।तोरवा पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया पूर्व में बिलासपुर स्थित एक पेट्रोल पंप में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी सागर राठौर से हुई। आरोपी ने प्रार्थिया को अपने विश्वास में लेकर उससे विवाह करने का आश्वासन दिया तथा इसी झूठे वादे के आधार पर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध स्थापित किए।
बाद में आरोपी द्वारा विवाह करने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया गया। इसके पश्चात पीड़िता ने थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराई। चूँकि घटना स्थल थाना तोरवा क्षेत्राधिकार का होना पाया गया, इसलिए प्रकरण में शून्य (Zero) पर अपराध दर्ज कर थाना तोरवा को स्थानांतरित किया गया।
दिनांक 01.07.2026 को थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 362/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में तत्काल पुलिस टीम गठित कर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी सागर राठौर पिता – राधेश्याम राठौर उम्र – 19 वर्ष निवासी – नवापारा स्कूल के पास, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छ.ग.)से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया।आरोपी सागर राठौर को चंद घंटों के भीतर दिनांक 02.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




