इलेक्ट्रिक चाक में करंट दौड़ने से कुम्हार की मौत….

बिलासपुर–चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम मगर उछला से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां मिट्टी के बर्तन और मूर्तियां बनाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले 35 वर्षीय कुम्हार की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह घर में इलेक्ट्रिक चाक पर मटकी तैयार कर रहा था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अमित प्रजापति रोज की तरह वह बर्तन बनाने के लिए गया और अचानक इलेक्ट्रिक चाक में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया। परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अमित प्रजापति अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, चकरभाठा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button