बिलासपुर में प्याऊ सेवा का शुभारंभ…… राहगीरों को मिलेगी गर्मी से राहत……

बिलासपुर/ भीषण गर्मी को देखते हुए महिला जागृति समूह बिलासपुर एवं गार्गी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पिछले पांच वर्षों से संचालित प्याऊ सेवा का पुनः शुभारंभ किया गया। यह शुभारंभ अक्षय तृतीया एवं भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर किया गया।

इस सेवा के तहत राहगीरों को ठंडा पानी और शरबत वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई जा रही है। आयोजकों ने बताया कि यह सेवा पूरे ग्रीष्मकाल के दौरान लगातार जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

 

कार्यक्रम का संचालन महिला जागृति समूह की अध्यक्ष एवं संस्थापिका डॉ. ज्योति सक्सेना तथा गार्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिंदु सिंह कछुवाहा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

सेवा कार्य में सहयोग देने वाली प्रमुख महिलाओं में शोभा गुप्ता, रेनू रानी गौतम, अनीता दुआ, उषा भांगे, पद्माजा सिंह, जय श्री साहू, डॉ. अलका यादव, भूमिका डोड़ेजा, सरिता सराफ, सीता गुप्ता, हेमा सिंह, प्रीति मिश्रा, चांदनी भारद्वाज, चंदा सोनी, ममता साहू, रानी त्रिभुवन नाथ सिंह, पूजा सिंह, विनीता वैद्य और सुमिता दास गुप्ता सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रीति मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवाएं समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और हर व्यक्ति को इसमें सहभागिता निभानी चाहिए।

इस अवसर पर गार्गी फाउंडेशन के संरक्षक नरेंद्र सिंह कछवाहा द्वारा आर.एस.के. क्रिकेट अकादमी के बच्चों के लिए वाटर कूलर प्रदान किया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन भी किया गया। संस्था की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।

आयोजकों ने संदेश दिया कि “जल ही जीवन है” और बढ़ती गर्मी के बीच इस प्रकार की सेवाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

महिला जागृति समूह एवं गार्गी फाउंडेशन लगातार समाज सेवा के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रहे हैं और भविष्य में भी जनहित के कार्य करते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button